तेलंगाना के वारंगल में फसल बर्बाद होने और भारी कर्ज के बोझ तले दबे 2 किसानों ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। 50 साल की मेटला उप्पलम्मा और 58 साल के बनोथु रामुलु ने यह कदम उठाया।
इन दोनों ने कपास, धान या मक्के की खेती में खूब पैसा लगाया था, लेकिन बार-बार हुए नुकसान से वे कभी उबर नहीं पाए। यह घटना दिखाती है कि इलाके के किसानों के लिए मुश्किलें कितनी बढ़ गई हैं।
प्रधानमंत्री से मुलाकात की तैयारी
तेलंगाना इस साल बड़े सूखे की चपेट में है। यहां सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश हुई है, जिस कारण जलाशयों में पानी का स्तर काफी गिर गया है।
राज्य के 31 जिलों के 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। अब तक तेलंगाना में 13.22 लाख एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है।
इन गंभीर हालात को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की योजना बनाई है। वे 15 नवंबर को प्रधानमंत्री से मिलकर संकटग्रस्त किसानों के लिए तुरंत आर्थिक मदद की मांग करेंगे।