दुनिया का 22 फीसदी पैसा 110 जोखिम भरे बैंकों के पास, IMF की चेतावनी
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने चेतावनी दी है कि उसके तनाव परीक्षण के हिसाब से दुनिया के 110 जोखिम भरे बैंकों के पास वैश्विक बैंकिंग संपत्ति का 22 फीसदी हिस्सा होगा। पिछले साल यह 18 फीसदी था।
ये बैंक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बाजार में होने वाली गिरावट, सरकारी बॉन्ड की बढ़ती दरें और आर्थिक सुस्ती जैसे हालातों में कमजोर साबित हो सकते हैं।
इसका साफ मतलब है कि दुनिया का ज्यादा पैसा अब ऐसे हाथों में है, जहां जोखिम पहले से कहीं ज्यादा है।
लोन ने बढ़ाई अमेरिकी बैंकों की मुश्किल
छोटे बैंक, एशिया (चीन को छोड़कर) और यूरोप के कुछ बड़े बैंक सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, उनकी पूंजी कम हो रही है।
उत्तरी अमेरिका के बैंक मजबूत मुनाफे की वजह से ज्यादा स्थिर दिखते हैं, लेकिन अमेरिकी बैंकों ने गैर-बैंक वित्तीय कंपनियों को बहुत ज्यादा लोन देकर जोखिम बढ़ा लिया है।
अब यह उनके मुख्य पूंजी (कोर कैपिटल) का 134 फीसदी हो गया है। IMF के 3 साल के तनाव परीक्षण में वैश्विक राजनीति से लेकर AI के बढ़ते क्रेज तक सभी बातों को शामिल किया गया था।
IMF के मौद्रिक और पूंजी बाजार विभाग में उप निदेशक अथानासियोस वामवाकिडिस के मुताबिक, इन नतीजों से दुनियाभर में जारी नियमों में ढील के बीच बेहतर बैंकिंग नियम बनाने में मदद मिलेगी।