IIT मद्रास ने शुरू किया यूनिकॉर्न फ्रंटियर फंड, डीपटेक स्टार्टअप्स को मिलेगा सहयोग
भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (IIT) मद्रास ने हाल ही में 1,000 करोड़ रुपये का यूनिकॉर्न फ्रंटियर फंड शुरू किया है। इस फंड को पहले चरण में 450 करोड़ रुपये की फंडिंग मिल चुकी है।
इसका मुख्य लक्ष्य डीपटेक स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना है। इस फंड का ऐलान बेंगलुरु में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में हुआ। यह फंड पहले ही हैथोर और क्वांस्ट्रा जैसी कंपनियों को करीब 55 करोड़ रुपये की मदद दे चुका है।
फंड का इन क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा ध्यान
इस फंड का मुख्य ध्यान अगली पीढ़ी के क्षेत्रों पर है, जैसे अंतरिक्ष, रक्षा, सेमीकंडक्टर और हेल्थटेक। सहयोग पाने के लिए स्टार्टअप्स के पास ऐसे उत्पाद होने चाहिए, जो TRL 4 से ऊपर साबित हो चुके हों।
उम्मीद है कि 2030 या 2032 तक इस फंड से कई डीपटेक स्टार्टअप्स के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) आएंगे। इस फंड के लिए ज्यादातर पैसा भारत और विदेश में रहने वाले IIT मद्रास के पूर्व छात्रों, रिसर्च पार्क इकोसिस्टम के ग्राहकों और कुछ बैंकिंग फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस और फैमिली ऑफिसेज से आया है।
IIT मद्रास रिसर्च पार्क के नटराजन मलुपिल्लई ने बताया कि पूर्व छात्रों की भागीदारी से भारत के स्टार्टअप जगत में बहुत बड़ा बदलाव आ रहा है।