एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड है तो इन बातों को जानना आपके लिए है बेहद जरूरी
क्या है खबर?
आजकल कई लोग रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक और ट्रैवल बेनिफिट पाने के लिए एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखते हैं। जानकारों का कहना है कि कई कार्ड होना अपने आप में कोई समस्या नहीं है। असली बात यह है कि आप उन्हें कितनी जिम्मेदारी से इस्तेमाल करते हैं। अगर खर्च तय बजट के भीतर रहता है और सभी बिल समय पर चुकाए जाते हैं, तो कई कार्ड आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकते हैं।
#1
अलग-अलग खर्च के लिए अलग कार्ड का इस्तेमाल करें
अलग-अलग कार्ड अलग तरह के फायदे देते हैं। कुछ कार्ड ऑनलाइन खरीदारी पर ज्यादा कैशबैक देते हैं, तो कुछ यात्रा, ईंधन, डाइनिंग और ग्रॉसरी पर बेहतर और बहुत सारे रिवॉर्ड देते हैं। ऐसे में जरूरत के हिसाब से अलग कार्ड का इस्तेमाल करके आप ज्यादा फायदे पा सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि आप जरूरत से ज्यादा खर्च करें। सभी खर्च पहले से तय बजट के अनुसार ही होने चाहिए।
#2
खर्च और पेमेंट पर हमेशा नजर रखें
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड होने पर कई बार लोगों को ज्यादा खर्च करने का एहसास होने लगता है। इससे बिना योजना के खरीदारी बढ़ सकती है और बकाया राशि भी ज्यादा हो सकती है। अगर किसी कार्ड का भुगतान समय पर नहीं किया गया, तो ब्याज और जुर्माना देना पड़ सकता है। साथ ही आपकी क्रेडिट हिस्ट्री पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसलिए हर कार्ड की ड्यू डेट और बकाया राशि पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
#3
पेमेंट ऑटोमेट करें और बेकार कार्ड कम करें
अगर कई कार्ड की पेमेंट और ड्यू डेट याद रखना मुश्किल लगने लगे, तो ऑटो पेमेंट और खर्च अलर्ट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा, ऐसे कार्ड जिनसे अब कोई खास फायदा नहीं मिल रहा है, उन्हें बंद करने पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, कार्ड बंद करने से पहले यह जरूर समझ लें कि उसका असर आपकी कुल क्रेडिट लिमिट और क्रेडिट हिस्ट्री पर तो नहीं पड़ेगा।