IDBI बैंक ने पहली तिमाही में दर्ज किया 2,115 करोड़ रुपये का मुनाफा
IDBI बैंक ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 2,007 करोड़ रुपये था। बैंक का कुल कारोबार भी 15 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 5.85 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इस बढ़त के पीछे मुख्य वजह बैंक द्वारा दिए गए ज्यादा कर्ज और ग्राहकों की बढ़ी हुई जमा राशि है।
कर्ज में 22 फीसदी की बढ़ोतरी
बैंक के कुल कर्ज में 22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब 2.58 लाख करोड़ रुपये हो गए हैं, वहीं ग्राहकों की जमा राशि में भी 10 फीसदी का इजाफा हुआ है और यह आंकड़ा 3.25 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बैंक की शुद्ध ब्याज आय में भी 10 फीसदी की वृद्धि हुई है।
साथ ही, इसका परिचालन मुनाफा 2,168 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है।
नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPAs) घटकर 2.30 फीसदी रह गए हैं। पूंजी की मजबूती भी बढ़ी है, जिसका सबूत CRAR का 26.92 फीसदी का मजबूत स्तर है। कुल मिलाकर IDBI बैंक के लिए यह तिमाही सभी मोर्चों पर काफी अच्छी रही है।