SEBI ने जी एंटरटेनमेंट के फंडरेजिंग प्लान पर लगाई रोक
जी एंटरटेनमेंट के बड़े फंडरेजिंग प्लान पर फिलहाल रोक लग गई है। बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने कंपनी को 2 महीने के लिए सिक्योरिटीज मार्केट से पैसा जुटाने से रोक दिया है।
यही नहीं, कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पुनीत गोयंका और प्रमोटर सुभाष चंद्रा पर भी एक साल के लिए सिक्योरिटीज में ट्रेडिंग करने या किसी भी तरह का लेन-देन करने पर रोक लगा दी गई है। यह पूरा मामला तब सामने आया, जब SEBI की जांच में पता चला कि जी ने हैदराबाद की अपनी एक प्रॉपर्टी को बिना किसी जरूरी मंजूरी के लोन लेने के लिए गिरवी रख दिया था।
3,100 करोड़ के प्रमोटर-ग्रुप वॉरेंट्स पर रोक
जी अपने प्रमोटर ग्रुप को नए वॉरेंट्स जारी करके 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जुटाने की तैयारी में थी। अगर, ऐसा होता तो कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी भी बढ़ जाती, लेकिन नियामक के इस आदेश के चलते ये सभी प्लान अब ठंडे बस्ते में चले गए हैं।
जी इन फैसलों को SEBI अपीलेट ट्रिब्यूनल में चुनौती दे सकती है। कानूनी जानकारों का कहना है कि अब अपील के फैसले का इंतजार रहेगा क्योंकि जब तक फैसला नहीं आ जाता आगे कोई काम नहीं बढ़ पाएगा।