HP ने AI PC की बदौलत की 9 फीसदी ज्यादा कमाई
HP ने हाल ही में अपनी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसमें उसका प्रदर्शन शानदार रहा है। इस दौरान कंपनी की कुल आमदनी 9 फीसदी बढ़कर 14.41 अरब डॉलर (करीब 1,300 अरब रुपये) हो गई, जिसने वॉल स्ट्रीट के सभी अनुमानों को पीछे छोड़ दिया।
कंपनी का प्रति शेयर मुनाफा भी उम्मीद से बेहतर रहा और यह 0.86 डॉलर (करीब 77 रुपये) पर पहुंच गया।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पावर्ड PC की बढ़ती चर्चा और विंडोज 11 अपग्रेड साइकिल के चलते बिक्री में काफी तेजी आई, जिसके कारण पोस्ट-मार्केट ट्रेडिंग में HP के शेयरों की कीमत थोड़ी देर के लिए ऊपर चढ़ गई।
कंपनी ने करीब आधे AI PC बेचे
इस तिमाही में HP ने जितने भी PC बेचे, उनमें से करीब आधे AI आधारित थे। यह संख्या पिछली तिमाही से काफी ज्यादा है। कंपनी का अनुमान है कि अगले साल तक यह आंकड़ा 60 से 70 फीसदी तक पहुंच सकता है, क्योंकि लोग तेजी से अपने PC को अपग्रेड कर रहे हैं।
हालांकि, मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतें अब कंपनी के लिए एक चुनौती बन रही हैं। इसी वजह से HP अपने उत्पादों और उनकी कीमतों में फेरबदल कर रही है, ताकि मुनाफे का मार्जिन बरकरार रखा जा सके।
आने वाली तीसरी तिमाही के लिए कंपनी को प्रति शेयर 0.61 से 0.71 डॉलर (करीब 55-65 रुपये) का मुनाफा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, HP ने वित्तीय वर्ष 2026 के लिए अपने अनुमानित प्रति शेयर मुनाफे को थोड़ा घटा दिया है और अब इसके 2.9 से 3.1 डॉलर (करीब 260-280 रुपये) के बीच रहने का अनुमान है।