अपने रिटायरमेंट फंड को कैसे रखें सुरक्षित? यहां जानिए तरीका
क्या है खबर?
सेवानिवृत्ति के बाद लोग अपनी जमा पूंजी से हर महीने खर्च चलाते हैं और बाकी रकम निवेश में रखते हैं। हाल के समय में वैश्विक तनाव और शेयर बाजार में गिरावट के कारण यह चिंता बढ़ गई है कि कहीं रिटायरमेंट फंड जल्दी खत्म न हो जाए। ऐसे में जरूरी है कि सही योजना अपनाकर पैसे को सुरक्षित रखा जाए, ताकि नियमित आय भी मिलती रहे और निवेश भी बिना ज्यादा जोखिम के बढ़ता रहे।
#1
सेफ्टी बकेट से खर्च सुरक्षित रखें
रिटायरमेंट फंड को सुरक्षित रखने के लिए पहला तरीका सेफ्टी बकेट बनाना है। इसमें एक से तीन साल के खर्च के बराबर पैसा सेविंग्स अकाउंट या लिक्विड फंड में रखा जाता है। यह पैसा तुरंत जरूरत के समय काम आता है और बाजार गिरने पर भी आपको निवेश बेचने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे रोजमर्रा के खर्च, मेडिकल जरूरत और अन्य जरूरी खर्च आसानी से पूरे किए जा सकते हैं।
#2
सेविंग्स बकेट से संतुलन बनाए रखें
रिटायरमेंट फंड को सुरक्षित रखने का दूसरा तरीका सेविंग्स बकेट है, जिसमें तीन से सात साल के खर्च के बराबर पैसा हाइब्रिड फंड में रखा जाता है। यह हिस्सा धीरे-धीरे बढ़ता है और बाजार के उतार-चढ़ाव से कुछ हद तक सुरक्षित रहता है। जरूरत पड़ने पर इसी बकेट से सेफ्टी बकेट को भरा जाता है। इससे निवेश में स्थिरता बनी रहती है और अचानक बड़े नुकसान का खतरा कम हो जाता है।
#3
वेल्थ बकेट से लंबी अवधि में बढ़त
तीसरा तरीका वेल्थ बकेट है, जिसमें बचा हुआ पैसा लंबे समय के लिए इक्विटी फंड में निवेश किया जाता है। यह हिस्सा तेजी से बढ़ने की क्षमता रखता है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी होता है। चूंकि इस पैसे की तुरंत जरूरत नहीं होती, इसलिए बाजार गिरने पर भी घबराने की जरूरत नहीं होती। समय के साथ यही निवेश सेविंग्स और सेफ्टी बकेट को मजबूत बनाता है और फंड को टिकाऊ बनाए रखता है।