LOADING...
UPI लेनदेन की सीमा कैसे बढ़ाएं? बड़े भुगतान करने के लिए ये तरीके अपनाएं
UPI से भुगतान की रोजना की लिमिट होती है

UPI लेनदेन की सीमा कैसे बढ़ाएं? बड़े भुगतान करने के लिए ये तरीके अपनाएं

Feb 24, 2026
05:34 pm

क्या है खबर?

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) से डिजिटल भुगतान आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन यह सुविधा तब परेशानी का सबब बन जाती है, जब दैनिक लेनदेन की सीमा पार होने पर भुगतान अटक जाता है। सुविधाजनक होने के कारण हम ज्यादातर भुगतान इसी से करते हैं। इसी कारण हम दैनिक सीमा तक पहुंच जाते हैं। इसके बाद कोई भी भुगतान करना संभव नहीं होता। आइये जानते हैं UPI से ट्रांजिक्शन की लिमिट कैसे बढ़ाई जा सकती है।

सीमा 

कैसे निर्धारित होती है दैनिक लेनदेन सीमा?

अधिकांश यूजर्स के लिए UPI से ट्रांजिक्शन की मानक सीमा 1 लाख रुपये प्रति दिन है, जिसमें व्यक्ति-से-व्यक्ति ट्रांसफर और व्यापारी भुगतान शामिल हैं। यह सीमा NPCI नियमों, आपके बैंक की नीतियों और कभी-कभी अतिरिक्त ऐप-स्तरीय कंट्रोल्स से भी प्रभावित होती है। लिमिट हर 24 घंटे में रीसेट हो जाती है, जिसके बाद आप फिर से पैसे भेज सकते हैं। स्कूल फीस या टैक्स जैसे कामों के लिए इसे 5 लाख रुपये तक बढ़ाया जा सकता है।

तरीका 

इस तरीके से बढ़ाएं लिमिट

बैंक से संपर्क कर, नेट बैंकिंग में लॉग-इन कर या ग्राहक सहायता को कॉल कर दैनिक सीमा और इसे बढ़ाने की संभावना के बारे में पूछें। अगर, आपका KYC पूरी तरह से अपडेट नहीं है तो इसे पूरा करने से लिमिट अपने आप बढ़ सकती है। आप IPO में पैसा लगा रहे हैं, टैक्स भर रहे हैं या अस्पताल और स्कूल की फीस जमा कर रहे हैं तो बैंक के सपोर्ट से लिमिट 5 लाख रुपये तक बढ़ जाती है।

Advertisement

विकल्प 

इन तरीकों से कर सकते हैं बड़े भुगतान

आपका बैंक सीमा बढ़ाने से इनकार करता है तो आप कुछ वैकल्पिक तरीके अपना सकते हैं। भुगतान को 2 दिनों में बांट सकते हैं या किसी अन्य UPI-लिंक्ड बैंक खाते का उपयोग कर सकते हैं, क्योंकि प्रत्येक खाते की अपनी दैनिक सीमा होती है। अधिक राशि के लिए नेट बैंकिंग या RTGS का उपयोग किया जा सकता है। यह लेनदेन का सुविधाजनक तरीका है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसका उपयोग बड़ी राशि के ट्रांजिक्शन के लिए करें।

Advertisement

घाटा 

ऐसे कम भी हो सकती है लिमिट

आपने नया फोन लिया, सिम बदला या पहली बार UPI एक्टिवेट किया है तो सुरक्षा कारणों से बैंक कुछ समय के लिए लिमिट घटा देते हैं। आपकी KYC अधूरी है तो भी आप ज्यादा पैसे नहीं भेज पाएंगे। एक गलतफहमी यह है कि अलग-अलग ऐप्स इस्तेमाल करने से लिमिट बढ़ जाती है, जबकि सच्चाई यह है कि लिमिट बैंक अकाउंट से जुड़ी होती है। एक अकाउंट से 3 अलग-अलग ऐप्स में चलाते हैं तो कुल लिमिट 1 लाख रुपये रहेगी।

Advertisement