सुकन्या समृद्धि योजना का खाता हो गया बंद? ऐसे कर सकते एक्टिव
क्या है खबर?
सरकार ने बेटियों की पढ़ाई और शादी के खर्चे उठाने के लिए माता-पिता की सहायता के लिए 2015 में सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) शुरू की थी। परिपक्व होने पर इसकी मूल राशि और इस पर मिलने वाला ब्याज दोनों टैक्स फ्री होता है। इसमें हर महीने एक निर्धारित राशि जमा करानी होती है, लेकिन कई बार लोग इससे चूक जाते हैं। इस कारण यह खाता निष्क्रिय हो जाता है। आइये जानते हैं कि इस अकाउंट को कैसे एक्टिव करें।
योजना
योजना में कितना मिलता है ब्याज?
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत डाकघर या किसी सार्वजनिक बैंक में खाता खुलवा सकते हैं। इसके तहत न्यूनतम 250 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये 15 साल तक जमा किया जाता है। खाते की अवधि 21 वर्ष या बेटी के 18 वर्ष की आयु के बाद विवाह होने तक होती है। वर्तमान में इस पर 8 प्रतिशत ब्याज मिलता है। निवेश राशि पर चक्रवृद्धि ब्याज मिलता है। इसका मतलब है कि मूलधन के अलावा ब्याज पर भी ब्याज मिलता है।
तरीका
ऐसे कर सकते हैं खाते को चालू
अगर, आप सालभर में कम से कम 250 रुपये भी जमा नहीं कर पाते हैं तो सुकन्या समृद्धि योजना का खाता निष्क्रिय हो जाता है। इससे आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। आप 50 रुपये का जुर्माना अदा करके खाते को सक्रिय कर सकते हैं। आपने जितने साल तक पैसा जमा नहीं कराया, उतने साल का जुर्माना देना होगा। धारा 80C के तहत एक वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की कर छूट प्राप्त की जा सकती है।