क्रेडिट कार्ड बंद करने से क्रेडिट स्कोर पर क्या पड़ता है असर?
क्या है खबर?
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बिल पेमेंट और छोटे खर्चों के लिए आम हो गया है। हालांकि ,लंबे समय तक कार्ड का इस्तेमाल न करने पर बैंक उसे बंद भी कर सकते हैं। कई बार लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते, जिससे उन्हें बाद में नुकसान उठाना पड़ता है। अगर पुराना और ज्यादा इस्तेमाल वाला कार्ड बंद हो जाता है, तो इसका सीधा असर आपके क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है और आपकी फाइनेंशियल प्रोफाइल कमजोर हो सकती है।
तरीका
कब और कैसे बंद होता है कार्ड?
बैंक आमतौर पर 3 से 12 महीने तक कार्ड इस्तेमाल न होने पर उसे इनएक्टिव मान लेते हैं। नियम के अनुसार, कार्ड बंद करने से पहले ग्राहक को करीब 30 दिन पहले जानकारी दी जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर कोई कार्ड 12 महीने तक इस्तेमाल नहीं होता है, तो बैंक उसे बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। हालांकि, कुछ बैंक इससे पहले भी एक्टिविटी पर नजर रखते हैं और समय रहते चेतावनी देते रहते हैं।
असर
क्रेडिट स्कोर पर क्या पड़ता है असर?
क्रेडिट कार्ड बंद होने से आपके क्रेडिट स्कोर पर भी असर पड़ता है। खासकर जब आपकी कुल क्रेडिट लिमिट कम हो जाती है, तो खर्च का प्रतिशत ज्यादा दिखने लगता है। इसे क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो कहा जाता है। अगर यह 30 प्रतिशत से ज्यादा हो जाए, तो इसे जोखिम माना जाता है। ऐसे में कार्ड बंद होने से आपका स्कोर गिर सकता है और भविष्य में लोन लेना मुश्किल हो सकता है।
तरीका
कैसे बचाएं अपना क्रेडिट स्कोर?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अपने सभी क्रेडिट कार्ड का समय-समय पर इस्तेमाल करते रहें। छोटे खर्च जैसे बिजली बिल या सब्सक्रिप्शन पेमेंट कार्ड से करने से वह एक्टिव रहता है। साथ ही, समय पर बिल चुकाना भी जरूरी है। इससे आपकी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत बनी रहती है और स्कोर पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता है। इस तरह थोड़ी सावधानी से आप अपने फाइनेंशियल रिकॉर्ड को बेहतर बनाए रख सकते हैं।