अगले सप्ताह 5 कंपनियां ला रहीं IPO, करीब 5500 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
भारत के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) बाजार के लिए अगला सप्ताह काफी अहम रहने वाला है। 17 से 21 अगस्त के बीच 5 कंपनियां मिलकर कुल 5,499 करोड़ रुपये जुटाने जा रही हैं।
इनमें होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स सबसे आगे है, जो अकेले 2,600 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह कुल लक्ष्य का लगभग आधा हिस्सा है।
इसके अलावा, ललिता ज्वैलरी मार्ट, शंकर ज्वैलर्स, सनशाइन पिक्चर्स और गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट भी इस सूची का हिस्सा हैं।
कब-कब आ रहे इन कंपनियों के IPO?
होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वैलरी मार्ट के IPO 17 अगस्त को खुलेंगे। इनके शेयरों का प्राइस बैंड क्रमशः 57 से 60 रुपये और 190 से 201 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। दोनों निर्गम 19 अगस्त को बंद हो जाएंगे।
इसके बाद, 18 अगस्त को शंकर ज्वैलर्स और सनशाइन पिक्चर्स के निर्गम खुलेंगे, वहीं गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट का IPO 19 अगस्त को खुलेगा और 21 अगस्त को बंद होगा।
साथ ही, कुछ और कंपनियों के IPO पर भी नजर रहेगी। शिप्राकेट (1,617 करोड़ रुपये) 19 अगस्त को बाजार में आएगा, जबकि धूत ट्रांसमिशन (3,066 करोड़ रुपये) 17 अगस्त को लिस्ट होगा।