हाई-टेक इंजीनियर्स का 135 करोड़ रुपये का IPO निवेश के लिए खुला
हाइड्रोलिक फिटिंग्स कंपनी हाई-टेक इंजीनियर्स ने अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) खोल दिया है। कंपनी का लक्ष्य 135.73 करोड़ रुपये जुटाना है।
इसके शेयरों की कीमत 50 से 53 रुपये प्रति शेयर तय की गई है और निवेशकों को कम से कम 283 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इस IPO में निवेश करने के लिए आवेदन 27 अगस्त तक किया जा सकता है।
एंकर निवेशकों ने लगाए 40.72 करोड़ रुपये
यह IPO नए शेयर जारी करने और मौजूदा शेयर बेचने (ऑफर फोर सेल) का मिला-जुला रूप है। इसमें 50 फीसदी हिस्सा संस्थागत खरीदारों, 35 फीसदी खुदरा निवेशकों और शेष हिस्सा अन्य निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है।
व्हाइटओक कैपिटल जैसे एंकर निवेशकों से कंपनी को पहले ही 40.72 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इन पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपनी सुविधाओं को बढ़ाने, कुछ कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए करेगी।
आनंद राठी ने इसमें 'लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है, वहीं मास्टर कैपिटल सर्विसेज का मानना है कि निवेशक इस IPO को लंबी अवधि के निवेश के लिए एक अच्छा अवसर मान सकते हैं।
दोनों कंपनियों का मानना है कि हाई-टेक की बाजार में मजबूत पकड़ और इसके उत्पादों की विविधता इसे कंस्ट्रक्शन, ऑटोमोटिव, एग्रीकल्चर, रेलवे और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में लंबे समय तक बढ़ने का संकेत देती है।