हीरो मोटर्स के शेयर IPO कीमत से 78 फीसदी ऊपर पहुंचे
हीरो मोटर्स के शेयरों में बुधवार को 7 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया और ये अपने 84 रुपये के IPO दाम से 78 फीसदी ज्यादा पर पहुंच गए। यह तेजी तब देखने को मिली, जब 28 सितंबर को इराजे ब्रोकिंग सर्विसेज LLP ने 34.01 लाख शेयर खरीदे और 12.12 लाख शेयर बेचे।
खास बात ये है कि पिछले सप्ताह जब ये शेयर बाजार में आए थे, तब इनकी शुरुआत IPO दाम से नीचे हुई थी, लेकिन जल्द ही इनमें उछाल आया और बाॅम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर ये 17.27 फीसदी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 17.14 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
IPO 6.66 गुना सब्सक्राइब हुआ
हीरो मोटर्स का 1,000 करोड़ रुपये का IPO निवेशकों को खूब पसंद आया और यह 6.66 गुना सब्सक्राइब हुआ। इससे जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपना कर्ज चुकाने, उत्तर प्रदेश में अपनी फैक्टरी बढ़ाने और नए अधिग्रहण करने के लिए करेगी।
इसके अलावा, कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और हाइब्रिड गाड़ियों के लिए पावरट्रेन सॉल्यूशन देकर EV सेगमेंट में भी बड़ा दांव लगा रही है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशकों को ज्यादा मूल्यांकन और आगे चलकर कुछ ही बड़े ग्राहकों पर कंपनी की निर्भरता पर ध्यान देना चाहिए।