हीरो मोटर्स ने लॉन्च किया 1,000 करोड़ रुपये का IPO, 23 फीसदी प्रीमियम ने बढ़ाई हलचल
हीरो मोटर्स लिमिटेड ने बुधवार (16 सितंबर) को सब्सक्रिप्शन के लिए अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लॉन्च किया है। 1,000 करोड़ रुपये का यह IPO 18 सितंबर तक बोली लगाने के लिए खुला रहेगा। यह नए शेयरों और ऑफर फॉर सेल (OFS) का मिला-जुला रूप है।
इसके एक शेयर की कीमत 79 से 84 रुपये के बीच तय की गई है। छोटे निवेशकों को इसमें शामिल होने के लिए कम से कम 14,952 रुपये लगाने होंगे। ग्रे मार्केट में यह IPO पहले से ही 23 फीसदी के प्रीमियम पर चल रहा है।
कर्ज कम करने और विस्तार की योजना
ऑटो पार्ट्स निर्माता ने अपने IPO से पहले एंकर निवेशकों से लगभग 299.99 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी जुटाए गए फंड का इस्तेमाल अपना कर्ज चुकाने और उत्तर प्रदेश में अपनी फैक्ट्रियों का विस्तार करने की सोच रही है। वह दूसरी कंपनियों को खरीदने और दूसरे बड़े कदम उठाने पर भी विचार कर रही है।
इस साल उसका राजस्व 9 फीसदी बढ़कर 1,216.74 करोड़ रुपये हो गया और मुनाफा 26 फीसदी बढ़ा है। इसके अलावा, यह BMW और डुकाटी जैसे बड़ी वैश्विक कंपनियों के साथ भी काम करती है।