HDFC बैंक के नए अध्यक्ष के नाम का अगले सप्ताह हो सकता है ऐलान
HDFC बैंक अगले सप्ताह तक अपना नया अध्यक्ष चुनने की तैयारी में है। बैंक की एक कमेटी 3 शीर्ष उम्मीदवारों को छांट रही है। इन उम्मीदवारों को रैंकिंग दी जाएगी और फिर अंतिम फैसले के लिए बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
इस बीच, अंतरिम अध्यक्ष केकी मिस्त्री सितंबर के मध्य तक पद पर बने रहेंगे या जब तक कोई नया अध्यक्ष कार्यभार नहीं संभाल लेता।
5 उम्मीदवारों पर चल रहा विचार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 लोगों के नाम पर गौर किया जा रहा है। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हाल ही में रिटायर्ड हुए एक डिप्टी गवर्नर और एक पूर्व सरकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद बैंक अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शशिधर जगदीशन को दोबारा नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। उनका कार्यकाल अक्टूबर में खत्म हो रहा है।
RBI के नियमों के मुताबिक यह नियुक्ति तय समय पर होनी जरूरी है। यह पूरा मामला 2021 में पिछले अध्यक्ष के नैतिकता से जुड़े आरोपों पर इस्तीफा देने के बाद बैंक पर बढ़ रही सख्ती के बीच सामने आया है।