कौन हैं कैजाद भरूचा, जिन्हें HDFC बैंक का CEO बनाने पर चल रही चर्चा?
HDFC बैंक के नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बैंक के उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा को अगला प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाया जा सकता है।
दरअसल, मौजूदा CEO शशीधर जगदीशन ने अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद पद पर न रहने का फैसला किया है। उनका कार्यकाल 26 अक्टूबर को पूरा हो रहा है। बैंक का बोर्ड अब नए CEO की तलाश में जुटा है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, बैंकों को CEO पद के लिए कई नाम भेजने होते हैं। इसलिए बैंक किसी बाहरी उम्मीदवार की भी खोज कर रहा है।
करीब 3 दशक पुराना है बैंक से नाता
भरूचा 1995 में HDFC बैंक से जुड़े थे और तब से अब तक उनके पास बैंकिंग सेक्टर का करीब 40 साल का अनुभव हो गया है। वे अभी कॉर्पोरेट बैंकिंग, ग्रामीण बैंकिंग, ESG पहल और रिटेल एसेट्स जैसी अहम जिम्मेदारियां संभालते हैं।
उन्होंने रिस्क मैनेजमेंट के कई बड़े कामों को संभाला है और बैंक को मुश्किल समय में भी सही रास्ता दिखाया है। मुंबई के सिडेनहैम कॉलेज से पढ़े भरूचा को संगठन के भीतर उनके संतुलित और भरोसेमंद नेतृत्व के लिए जाना जाता है।