HD फायर प्रोटेक्ट के IPO को ग्रे मार्केट में मिली 32 फीसदी बढ़त
मुंबई की फायर सेफ्टी गियर बनाने वाली कंपनी HD फायर प्रोटेक्ट अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) से पहले काफी चर्चा में है। सोमवार (12 अक्टूबर) की सुबह इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) लगभग 32 फीसदी पर पहुंच गया, यह तब की बात है, जब शेयरों की बोली मंगलवार को खुलने वाली है।
कंपनी इसके जरिए 712.1 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है और यह IPO गुरुवार को बंद हो जाएगा। बता दें कि GMP अनौपचारिक होते हैं और काफी हद तक केवल अनुमानों पर आधारित होते हैं।
258-271 रुपये के बीच है शेयर की कीमत
शेयरों की कीमत 258 से 271 रुपये के बीच तय की गई है। एंकर निवेशकों के लिए शेयरों की बोली सोमवार से ही शुरू हो गई। अगर, आप इस IPO में आवेदन करने की सोच रहे हैं तो खुदरा निवेशकों को कम से कम 55 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। ऊपरी प्राइस बैंड पर इसकी कीमत 14,905 रुपये बनती है।
कंपनी ने 50 फीसदी शेयर बड़े संस्थागत खरीदारों के लिए, 15 फीसदी गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किए है। कर्मचारियों को भी इसमें खास डिस्काउंट मिलेगा।
यह IPO ऑफर फॉर सेल (OFS) है, इसलिए कंपनी को इससे जुटाया गया कोई भी पैसा नहीं मिलेगा। शेयरों का आवंटन शुक्रवार को पूरा हो जाएगा और इनकी लिस्टिंग 21 अक्टूबर को तय की गई है।