हैरोड्स ने यौन शोषण पीड़ितों के मुआवजे की रकम मोहम्मद अल फायद के वारिसों से मांगेगा
मशहूर स्टोर हैरोड्स उन सैकड़ों महिलाओं को दिए गए मुआवजे की रकम दिवंगत अरबपति मोहम्मद अल फायद की संपत्ति से वसूलना चाहता है, जिनका कथित तौर पर उन्होंने यौन शोषण किया था।
लग्जरी डिपार्टमेंट स्टोर ने भले ही सार्वजनिक तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली थी, लेकिन अब वह दिवंगत अरबपति की संपत्ति से उन सभी सेटलमेंट्स के लिए पूरी भरपाई चाहता है, जिनका भुगतान उसे करना पड़ सकता है। अगर, ऐसा होता है तो पीड़ितों को मोहम्मद अल फायद के वारिसों से मिलने वाली रकम कम हो सकती है।
हैरोड्स ने 41 लाख पाउंड चुकाए
अब तक हैरोड्स ने 5.7 करोड़ पाउंड (करीब 700 करोड़ रुपये) के एक फंड में से 113 महिलाओं को 41 लाख पाउंड (करीब 50 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है।
पीड़ित महिलाओं और उनके वकील का कहना है कि यह ठीक नहीं है कि हैरोड्स पहले तो सार्वजनिक तौर पर गलती माने और फिर वित्तीय बोझ दूसरों पर डालने की कोशिश करे।
एक पीड़ित शांता सुंदरसन ने कहा, "मेरे लिए जवाबदेही केवल एक चेक लिखने और फिर हर पैसा दूसरों से वसूलने का नाम नहीं है।"
इस बात पर नवंबर में कोर्ट में सुनवाई होनी है कि फायद के वारिसों की संपत्ति का नियंत्रण किसके पास रहेगा।