ग्रो ने शुरू की अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश करने की सुविधा
ग्रो ने अब एक नई सुविधा पेश की है, जिससे भारतीय यूजर्स गूगल, ऐपल, एनवीडिया, टेस्ला, अमेजन और मेटा जैसे अमेरिकी शेयरों और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में सीधे अपने ऐप के जरिए खरीद-फरोख्त कर पाएंगे।
इसमें फ्रैक्शनल शेयर खरीदने की सुविधा होने के कारण निवेशक छोटी रकम से भी निवेश कर सकते हैं। यह अपडेट अभी धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंच रहा है और एक महीने के भीतर यह सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगा, जिससे निवेशकों को वैश्विक टेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर के ट्रेंड्स में निवेश करना और भी आसान हो जाएगा।
नए क्षेत्रों में कर रही विस्तार
ग्रो का यह कदम उसकी बडी विस्तार योजना का हिस्सा है, जिसके तहत वह फ्यूचर्स और ऑप्शंस ट्रेडिंग से आगे बढकर नए क्षेत्रों में कदम रख रही है।
गौरतलब है कि जून तिमाही में कंपनी की आधी से ज्यादा आय फ्यूचर्स और ऑप्शंस ट्रेडिंग से ही आई थी। भारतीय निवेशक अब अच्छे रिटर्न के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मौके तलाश रहे हैं। खासकर ऐसे समय में जब रुपया कमजोर हो रहा है। ऐसे में ग्रो जैसे प्लेटफॉर्म वैश्विक निवेश को और भी सुलभ बना रहे हैं।