गूगल ने लॉन्च किया नया AI मॉडल नैनो बनाना 2.1, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
गूगल ने इमेज बनाने के लिए अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल नैनो बनाना 2.1 लॉन्च कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, नया मॉडल पिछले मॉडल की तुलना में बेहतर विजुअल बना सकता है, निर्देशों को ज्यादा सही तरीके से समझ सकता है और इमेज एडिटिंग को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। इसमें यूजर्स टेक्स्ट निर्देश देकर नई इमेज बना सकेंगे और मौजूदा इमेज में भी अपनी जरूरत के मुताबिक बदलाव कर सकेंगे।
खासियत
क्या है नए मॉडल की खासियत?
नैनो बनाना 2.1 कई रेफरेंस इमेज को एक साथ इस्तेमाल कर सकता है।
यह 14 रेफरेंस इमेज के साथ काम कर सकता है और 4 कैरेक्टर व 10 ऑब्जेक्ट तक एक जैसे बनाए रख सकता है। इससे एक ही व्यक्ति, प्रोडक्ट या चीज को कई विजुअल में दिखाना आसान होगा।
यह टेक्स्ट निर्देशों के आधार पर कपड़े और बैकग्राउंड बदलने, चीजें जोड़ने या हटाने और इमेज का स्टाइल बदलने में भी मदद करता है।
पोस्टर
पोस्टर और इन्फोग्राफिक भी बना सकेगा
नैनो बनाना 2.1 मॉडल इमेज के टेक्स्ट को बेहतर तरीके से संभाल सकता है।
इससे पोस्टर, डायग्राम और इन्फोग्राफिक जैसे विजुअल बनाना आसान हो सकता है, जहां साफ और पढ़ने लायक टेक्स्ट जरूरी होता है। यह 1K, 2K और 4K रेजोल्यूशन वाली इमेज बना सकता है।
यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से AI रीज़निंग का स्तर भी चुन सकते हैं। मॉडल गूगल सर्च और गूगल इमेज सर्च की जानकारी का इस्तेमाल कर सकता है।
कीमत
आधी कीमत में मिलेगा नया मॉडल
नैनो बनाना 2.1 की कीमत पिछले मॉडल से करीब आधी रखी गई है।
API से बनी 1K इमेज की कीमत करीब 0.0336 डॉलर है, जबकि पहले यह 0.067 डॉलर थी। 4K इमेज की कीमत करीब 0.0756 डॉलर है, जो पहले 0.151 डॉलर थी।
मॉडल जेमिनी 3.6 फ्लैश पर आधारित है और जेमिनी ऐप, गूगल AI स्टूडियो, जेमिनी API, गूगल सर्च के AI मोड, गूगल एड्स, फ्लो और स्टिच में उपलब्ध कराया जा रहा है।