LOADING...
गूगल ने AI स्ट्राइक टीम का नेतृत्व सर्गेई ब्रिन को सौंपा- रिपोर्ट
गूगल ने सर्गेई ब्रिन को AI स्ट्राइक टीम का नेतृत्व सौंपा है

गूगल ने AI स्ट्राइक टीम का नेतृत्व सर्गेई ब्रिन को सौंपा- रिपोर्ट

Apr 21, 2026
03:50 pm

क्या है खबर?

गूगल कोडिंग प्रदर्शन में अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रतिद्वंद्वी एंथ्रोपिक को टक्कर देने के लिए एक विशिष्ट 'कोडिंग स्ट्राइक टीम' का गठन कर रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन को इसकी कमान सौंपी गई है। इसका उद्देश्य कंपनी को AI के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की ओर ले जाना है। कंपनी की योजना ऐसे AI मॉडल विकसित करने की है, जो स्वयं में सुधार कर सकें और अपने कोड को अपग्रेड कर सकें।

हौसला

ब्रिन ने बढ़ाया कर्मचारियों का हौसला

द इंफॉर्मेशन के अनुसार, ब्रिन ने हाल ही में एक मेमो में डीपमाइंड के कर्मचारियों से कहा कि उन्हें एजेंट्स के मामले में पिछड़ने से बचने के लिए तेजी से अपनी रणनीति बदलनी होगी। उन्होंने बताया, "अंतिम स्प्रिंट जीतने के लिए हमें एजेंटिक निष्पादन में मौजूद अंतर को तत्काल पाटना होगा और अपने मॉडल्स को प्राथमिक डेवलपर्स में बदलना होगा।" ब्रिन के अलावा, गूगल डीपमाइंड के CTO कोरे कावुकुओग्लू भी स्ट्राइक टीम में शामिल रहेंगे।

पिछड़ा 

बेंचमार्क में क्लाउड से पीछे रह गया जेमिनी  

पिछले एक साल गूगल ने अपने AI मॉडल में उल्लेखनीय प्रगति की है और जेमिनी 3 सीरीज को सर्वश्रेष्ठ मॉडल्स में से एक माना जाता है। हालांकि, एंथ्रोपिक ने धीरे-धीरे कोडिंग पर केंद्रित यूजर्स के बीच अपनी जगह बना ली है, जिन्होंने प्राकृतिक भाषा संकेतों का उपयोग करके नया सॉफ्टवेयर बनाने के लिए इसके क्लाउड AI को अपनाया है। जेमिनी मॉडल SWE-बेंच वेरिफाइड स्कोर में एंथ्रोपिक के क्लाउड लाइनअप से पीछे रहे हैं।

Advertisement