Page Loader
गूगल ने फिर की कर्मचारियों की छंटनी, 200 लोगों को गंवानी पड़ी अपनी नौकरी
गूगल ने फिर की कर्मचारियों की छंटनी (तस्वीर: विकीमीडिया)

गूगल ने फिर की कर्मचारियों की छंटनी, 200 लोगों को गंवानी पड़ी अपनी नौकरी

May 08, 2025
10:24 am

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने एक बार फिर अपने कर्मचारियों की छंटनी की है। द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, गूगल ने अपनी वैश्विक व्यावसायिक इकाई से करीब 200 लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। यह इकाई बिक्री और साझेदारी जैसे कामों के लिए जिम्मेदार थी। यह छंटनी पिछले कुछ समय में कंपनी द्वारा की गई कई कटौतियों की अगली कड़ी है। गूगल इससे पहले भी कई टीमों से सैकड़ों कर्मचारियों को हटा चुकी है।

वजह

गूगल ने बताई छंटनी की वजह 

गूगल ने इस छंटनी को 'छोटा समायोजन' कहा है और इसका मकसद संचालन को आसान बनाना, टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और ग्राहकों की जरूरतों पर तेज प्रतिक्रिया देना बताया है। कंपनी ने हाल ही में एंड्रॉयड, पिक्सल और क्रोम जैसे विभागों में भी कर्मचारियों की छंटनी की थी। गूगल अब अपने ध्यान को गैर-जरूरी विभागों से हटाकर क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे नए क्षेत्रों पर दे रही है।

अन्य कंपनियां

अन्य टेक कंपनियां भी कर रहीं कटौती 

गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने जनवरी, 2023 में 12,000 नौकरियों में कटौती की थी। उस समय यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 6 प्रतिशत थी। साल 2024 के अंत तक अल्फाबेट में 1.83 लाख से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। गूगल की तरह ही मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और ऐपल जैसी कई अन्य बड़ी टेक कंपनियां भी अपने अलग-अलग विभागों से कर्मचारियों की कटौती कर रही हैं।