AI इस्तेमाल के मामले में अव्वल देशों में भर्तियों में आ रही गिरावट
गोल्डमैन सैक्स की एक नई रिपोर्ट बताती है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल के मामले में फ्रांस, अमेरिका, नीदरलैंड और यूनाइटेड किंगडम (UK) सबसे आगे चल रहे हैं।
प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं में AI को अपनाने की दर 15 से 20 फीसदी तक है, जिनमें फ्रांस, अमेरिका, नीदरलैंड और UK सबसे ऊपर हैं।
यह प्रमुख उभरते बाजारों से ज्यादा है, लेकिन, जैसे-जैसे ज्यादा कंपनियां इसको अपना रही हैं, वैसे-वैसे सूचना, संचार सेवाओं और कॉल सेंटर जैसे क्षेत्रों में नौकरियों के नए अवसर धीमे पड़ गए हैं।
अमेरिकी कॉल सेंटर में नौकरियां कम हुईं
जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों में ऑटोमेशन से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले सेक्टर्स में नई नौकरियों में कमी आई है। इनमें कॉल सेंटर और सॉफ्टवेयर पब्लिशिंग जैसे काम शामिल हैं।
दरअसल, अमेरिका में कॉल सेंटर की नौकरियां अब सामान्य रुझानों से 39 फीसदी कम हो गई हैं। अच्छी बात यह है कि अभी तक ये भर्तियां घटने का असर उन भूमिकाओं पर ज्यादा पड़ा है, जो पहले से ही ऑटोमेशन टूल्स पर बहुत निर्भर करती हैं।
इसलिए, अभी बड़े स्तर पर नौकरियों के बाजारों में कोई बड़ी उथल-पुथल नहीं दिख रही है। हालांकि, जैसे-जैसे AI का दायरा बढ़ रहा है, शुरुआती स्तर की नौकरियां ज्यादा खतरे में दिख रही हैं।