गोल्डमैन सैक्स ने कर्मचारियों पर अनुमान बाजार में दांव लगाने पर लगाई पाबंदी
गोल्डमैन सैक्स ने एक नया नियम जारी किया है। अब कंपनी के कर्मचारी वित्त, राजनीति या बड़े वैश्विक आयोजनों से जुड़े अनुमान बाजार पर दांव नहीं लगा पाएंगे।
इसमें चुनाव के नतीजे, बिटकॉइन की कीमतें, कंपनियों के विलय, युद्धविराम की तारीखें और यहां तक कि गोल्डमैन के अपने शेयर पर भी दांव लगाना शामिल है।
अगर, कोई कर्मचारी बार-बार इस नियम का उल्लंघन करता है तो उसे अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है या उसका खाता बंद किया जा सकता है। हालांकि, खेल और रियलिटी टीवी शो पर दांव लगाने की अभी भी इजाजत है।
गोपनीय जानकारी लीक होने की चिंताओं बढ़ीं
कालशी और पॉलीमार्केट जैसे अनुमान बाजार हाल ही में काफी लोकप्रिय हुए हें, लेकिन इनके साथ एक डर भी जुड़ा है। कहीं गोपनीय जानकारी लीक होकर या अंदरूनी सूत्रों की सलाह पर ट्रेडिंग न हो जाए। इसी वजह से कई दूसरे बड़े बैंकों और हेज फंड्स ने भी ऐसे ही प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं।
गोल्डमैन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेविड सोलोमन ने भले ही साल की शुरुआत में इन बाजारों को 'सुपर इंटरेस्टिंग' कहा था, लेकिन कंपनी इस बड़े जोखिम को अनदेखा नहीं कर सकती थी।