अमेरिका के नौकरी आंकड़े तय करेंगे सोने की कीमतों की दिशा
मंगलवार (1 सितंबर) को सोने के दाम लगभग स्थिर बने रहे। बाजार अमेरिका के ताजा रोजगार आंकड़ों का इंतजार कर रहा है, वहीं मध्य पूर्व में बढ रहे तनाव पर भी सभी की नजर है।
इस दौरान, हाजिर सोना 4,454.68 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर बना रहा, जबकि दिसंबर वायदा 0.5 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 4,503.70 डॉलर (करीब 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर पहुंच गया। आगे आने वाली रोजगार रिपोर्ट ही तय करेंगी कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेगा या नहीं।
सितंबर में ब्याज दर बढ़ने की 65 फीसदी संभावना
CME फेडवॉच टूल बताता है कि सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना 65 फीसदी है। चेयरमैन केविन वॉर्श ने 2 फीसदी महंगाई दर के लक्ष्य पर कायम रहने की बात कही है, जिसके चलते ट्रेडर नौकरी से जुड़े आंकड़ों को बहुत बारीकी से देख रहे हैं। इसी बीच, भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण सोने को एक सुरक्षित निवेश के तौर पर और भी सहारा मिल रहा है। खासकर तब, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया तनाव के बाद ईरान पर और हमले करने की चेतावनी दी है।