अमेरिका में सोने की कीमत में आई गिरावट, फेड की बैठक तय करेगी भविष्य
सोने में बुधवार (7 अक्टूबर) को थोड़ी गिरावट देखने को मिली। सभी की निगाहें अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर टिकी हैं कि कहीं ब्याज दरों में बढ़ोतरी का कोई संकेत न मिल जाए।
हाजिर सोना 0.3 फीसदी गिरकर 4,150.23 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.28 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर आ गया, जबकि अमेरिकी सोना वायदा में भी मामूली गिरावट देखी गई।
सोने की कीमतें बढ़ने का अनुमान
फेड के अधिकारियों का कहना है कि वे अभी भी महंगाई से लड़ने पर ध्यान दे रहे हैं। भविष्य में ब्याज दरें कितनी बढ़ेंगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आगे हालात कैसे बनते हैं? वैसे तो अक्टूबर में दरों में बढ़ोतरी की संभावना अब कम लग रही है, लेकिन ज्यादातर ट्रेडर्स दिसंबर तक एक और बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं।
इसी बीच, इटली के सोरेंटो में लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) की सालाना कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए प्रतिनिधियों का मानना है कि अगले 12 महीनों में सोना 5,013 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) तक पहुंच सकता है। विश्लेषक फ्रैंक वाल्बाम का कहना है कि अगर, फेड जल्द ही साफ संकेत देता है तो सोने की कीमतें स्थिर रह सकती हैं या थोड़ी बहुत ही फिसल सकती हैं।