सोने की चमक फीकी पड़ी, 2 महीने के निचले स्तर पहुंचे दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम गुरुवार (28 मई) लगभग 2 फीसदी कम होकर 4,365 डॉलर प्रति औंस (1.34 लाख रुपये/10 ग्राम) पर आ गए हैं। यह पिछले 2 महीनों का सबसे निचला स्तर है।
यह गिरावट तब देखने को मिली, जब अमेरिका और ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अपनी सैन्य कार्रवाई और बढ़ा दी।
इस तनाव के चलते महंगाई बढ़ने की चिंता बढ़ गई है और ब्याज दरें भी लंबे समय तक ऊंची बनी रहने का अनुमान है, जिस वजह से फिलहाल सोना निवेशकों को कम पसंद आ रहा है।
फरवरी से 17 फीसदी से ज्यादा की गिरावट
अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण कच्चे तेल के दाम 98 डॉलर (करीब 9,100 रुपये) प्रति बैरल के करीब पहुंच गए हैं, जिससे निवेशकों को डर है कि महंगाई लंबे समय तक बनी रह सकती है। इतना ही नहीं अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से भी दुनियाभर के खरीदारों के लिए सोना खरीदना महंगा हो गया है।
फरवरी में शुरू हुए इन तनावों के कारण सोने की कीमत अब तक 17 फीसदी से भी ज्यादा गिर गई है, जिससे इस साल की इसकी अब तक की पूरी बढ़त लगभग खत्म हो गई है। ऐसे में अगर, आप सोने में निवेश की सोच रहे हैं या बाजार के रुझानों पर नजर रख रहे हैं तो यह समय आपके लिए काफी अहम है।