Page Loader
सोने की कीमत महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची, जानिए क्या है बढ़त की वजह
सोने की कीमत महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची (तस्वीर: पिक्साबे)

सोने की कीमत महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची, जानिए क्या है बढ़त की वजह

Jul 22, 2025
03:38 pm

क्या है खबर?

सोने की कीमतें आज (22 जुलाई) एक महीने से भी अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। हाजिर सोना 3,389.98 डॉलर प्रति औंस और अमेरिकी सोना वायदा 3,402.90 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा। भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत 10,129 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट 9,285 रुपये और 18 कैरेट 7,597 रुपये प्रति ग्राम रही। यह बढ़ोतरी वैश्विक बाजार में सोने की मजबूती और निवेशकों की सुरक्षित संपत्ति की ओर बढ़ती रुचि के कारण हुई।

वजह

कमजोर डॉलर और ट्रेजरी यील्ड बनी वजह  

विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर की कीमत कम होने और अमेरिका में ब्याज दर घटने से सोने को फायदा मिला है। डॉलर कमजोर होने से दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो गया है। इसके साथ ही, अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न भी गिरा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि सोने की कीमत को 3,350-3,370 डॉलर पर सहारा मिल रहा है और 3,422-3,440 डॉलर पर बिकवाली का दबाव बन सकता है।

अन्य वजह

व्यापार तनाव और रुपये में गिरावट का असर  

अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) के बीच व्यापार वार्ता ठप होने से सोने की मांग बढ़ी है। ट्रंप द्वारा 1 अगस्त तक समझौता न होने पर 30 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी ने अनिश्चितता बढ़ा दी है। भारत में रुपये की कमजोरी और नाटो द्वारा रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध की चेतावनी ने भी असर डाला है। विशेषज्ञ मानते हैं कि जब तक नया ट्रिगर नहीं आता, तब तक कीमतें मजबूत बनी रह सकती हैं।