MCX पर 10 ग्राम सोने की कीमत 1.48 लाख रुपये हुई, चांदी में भी आया उछाल
वैश्विक बाजार में आई तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंताएं कुछ कम हुई हैं। इसका सीधा असर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों पर दिखा, जहां दोनों धातुओं को अच्छा उछाल मिला।
सोमवार (19 अक्टूबर) को सोने का वायदा भाव 0.24 फीसदी बढ़कर 10 ग्राम के लिए 1.48 लाख रुपये हो गया, वहीं चांदी भी 0.43 फीसदी के उछाल के साथ 2.12 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
कीमतें बढ़ने के पीछे ये रहीं वजह
दुनियाभर में सोने और चांदी के दाम इसलिए बढ़े हैं क्योंकि अमेरिका में ब्याज दरों की उम्मीदें और मुद्रा के उतार-चढ़ाव ने कीमती धातुओं के बाजार में हलचल पैदा कर दी है।
भारत में भी स्थानीय कीमतें इन वैश्विक रुझानों के साथ-साथ रुपये में होने वाले बदलाव और टैक्स से भी प्रभावित होती हैं। त्योहारों का सीजन नजदीक है, ऐसे में अगर, कीमतें ऊंची बनी रहती हैं तो कुछ ग्राहक खरीदारी में शायद ज्यादा सोच-विचार करें।
जिओटस डॉट कॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विक्रम सुब्बुराज का कहना है कि ऊर्जा की कीमतें घटने से महंगाई का डर तो कम हुआ है, लेकिन ऊंची ब्याज दरें सोने की चमक वापस लाने में अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।