ग्लास वॉल सिस्टम्स का 428 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च
ग्लास वॉल सिस्टम्स ने मंगलवार (8 सितंबर) को अपनी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) निवेशकों के लिए खोल दी है। कंपनी इसके जरिए 172 से 182 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 428 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
निवेशक इस IPO में 10 सितंबर तक पैसा लगा सकते हैं। शेयरों की बाॅम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्टिंग 16 सितंबर को होने की उम्मीद है।
बाजार की गतिविधियों पर नजर रखने वाले और नए निवेश के मौके ढूंढ रहे लोगों के लिए यह IPO काफी चर्चा में है।
एंकर निवेशकों ने दिए 128.36 करोड़ रुपये
HDFC म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस जैसी बड़ी कंपनियों ने एंकर निवेशक के तौर पर 128.36 करोड़ रुपये का निवेश पहले ही कर दिया है।
कंपनी ने बताया कि इन पैसों का इस्तेमाल महाराष्ट्र के विले भागड़ में स्थित अपनी फैक्टरी में एक नई ग्लास-प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए किया जाएगा। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ-साथ कंपनी की दक्षता भी बेहतर होगी।
SBI सिक्योरिटीज और आनंद राठी जैसी ब्रोकरेज फर्मों ने इसे लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए अच्छा माना है। उनके मुताबिक, कंपनी के पास एक मजबूत ऑर्डर बुक है और विस्तार की ठोस योजनाएं हैं, जो इसके सकारात्मक भविष्य का संकेत देती हैं।
अगर, IPO के ऊपरी प्राइस बैंड को देखा जाए तो यह कंपनी का मूल्यांकन वित्त वर्ष 2026 की अनुमानित कमाई के 19.1 गुना पर कर रहा है।