Page Loader
गौतम अडाणी बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे
गौतम अडाणी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं

गौतम अडाणी बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी को छोड़ा पीछे

Jan 05, 2024
10:40 am

क्या है खबर?

अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडाणी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्म बिलेनियर इंडेक्स (BBI) में अडाणी रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। दूसरी तरफ दुनियाभर में इन दोनों भारतीय अबपतियों की रैंकिंग देखें तो अडाणी सबसे अमीर लोगों की सूची में 12वें और अंबानी उनसे एक स्थान नीचे 13वें पायदान पर मौजूद हैं। पिछले साल की तुलना में दोनों की रैंकिंग बढ़ी है।

संपत्ति

कितनी है अडाणी की संपत्ति?

अडाणी की संपत्ति में हाल के दिनों में वृद्धि दर्ज हुई है और वर्तमान में उनकी संपत्ति 97.6 अरब डॉलर (लगभग 8,121 अरब रुपये) है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के कारण 2023 में अडाणी की संपत्ति में 37.3 अरब डॉलर (लगभग 3,105 अरब रुपये) की गिरावट दर्ज हुई थी। इसी सप्ताह अडाणी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने हिंडनबर्ग से जुड़े विवाद में जांच को विशेष जांच दल (SIT) को स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया है।

संपत्ति

मुकेश अंबानी की भी संपत्ति बढ़ी 

अंबानी की संपत्ति बीते 1 साल में 66.5 करोड़ डॉलर (लगभग 5,534 करोड़ रुपये) बढ़ गई है। बढ़त के बाद उनकी कुल संपत्ति 97 अरब डॉलर (लगभग 8,072 अरब रुपये) हो गई है और वर्तमान में वह भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। बता दें, बीते साल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के स्टॉक में 9 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई है, जिससे अंबानी की संपत्ति में वृद्धि देखने को मिली।