LOADING...
गेमिंग कंपनी यूबीसॉफ्ट बंद करेगी दो स्टूडियो, बड़े स्तर पर होगी छंटनी
यूबीसॉफ्ट फिर कर रही है कर्मचारियों की छंटनी

गेमिंग कंपनी यूबीसॉफ्ट बंद करेगी दो स्टूडियो, बड़े स्तर पर होगी छंटनी

Jun 11, 2026
11:49 am

क्या है खबर?

वीडियो गेम कंपनी यूबीसॉफ्ट एक बार फिर अपने स्टूडियो और कर्मचारियों में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। द गेम बिजनेस रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी कनाडा के विन्निपेग और सर्बिया के बेलग्रेड स्थित स्टूडियो बंद कर रही है। इसके साथ ही, स्पेन के बार्सिलोना कार्यालय में भी कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कदम कंपनी की लागत घटाने और कारोबार को अधिक प्रभावी बनाने की योजना का हिस्सा है।

असर

सैकड़ों कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विन्निपेग स्टूडियो बंद होने से वहां काम कर रहे सभी 65 कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। बेलग्रेड और बार्सिलोना में भी कई पद खत्म किए जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कुल मिलाकर करीब 380 नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को कार्यालय में भी कुछ कर्मचारियों पर असर पड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

बदलाव

रेनबो सिक्स सीज टीम में भी बदलाव

यूबीसॉफ्ट अपने लोकप्रिय मल्टीप्लेयर गेम टॉम क्लैंसीज रेनबो सिक्स: सीज के विकास ढांचे में भी बदलाव कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गेम पर काम कर रही टीम के लगभग 12 प्रतिशत कर्मचारियों को दूसरे प्रोजेक्ट्स में भेजा जा रहा है। साथ ही, बार्सिलोना स्टूडियो को गेम के प्रमुख विकास केंद्र की भूमिका दी जा सकती है। कंपनी का उद्देश्य विकास प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और खर्च को नियंत्रित करना बताया जा रहा है।

Advertisement

कंपनी

कई साल से वित्तीय दबाव झेल रही कंपनी

पिछले कुछ वर्षों में यूबीसॉफ्ट को कमजोर बिक्री और कई गेम्स की देरी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसी वजह से कंपनी लगातार खर्च कम करने के उपाय कर रही है। इससे पहले भी कर्मचारियों की छंटनी, स्वैच्छिक बायआउट और कार्यालय बंद करने जैसे कदम उठाए जा चुके हैं। पिछले साल कंपनी ने कुछ प्रमुख गेम फ्रेंचाइज को संभालने के लिए नए ढांचे का भी ऐलान किया था, जिसमें बाहरी निवेश का सहारा लिया गया था।

Advertisement