FSSAI ने सेहत से खिलवाड़ करने वाली 2 कंपनियों के लाइसेंस किए निलंबित
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने वेस्टएंड एग्रो प्रोडक्ट्स और रेहान हेल्थकेयर के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
इन दोनों कंपनियों ने सुरक्षा के अहम नियमों की धज्जियां उड़ाई थीं। जांच में पता चला है कि वेस्टएंड एग्रो अपने 'ऑर्गेनिक शास्त्र' नाम के उत्पादों के एक्सपायरी डेट और बैच नंबर बदलता था।
इतना ही नहीं, कंपनी अपने उत्पादों को 'ऑर्गेनिक' बताकर झूठे दावे भी कर रही थी। जांच अधिकारियों को लेबल बदलने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
रेहान हेल्थकेयर की फैक्टरी में मिली गंदगी
हेल्थ सप्लीमेंट्स बनाने वाली रेहान हेल्थकेयर की फैक्टरी भी साफ-सफाई के मामले में फेल हो गई। जांच के दौरान वहां टैंकों के नीचे कीचड़ जमा मिला और सामान रखने में भी भारी अव्यवस्था पाई गई। FSSAI ने साफ किया है कि ये कदम इसलिए उठाए गए हैं ताकि बच्चों और कमजोर तबके के लिए बनाए जाने वाले संवेदनशील खाद्य उत्पादों को सुरक्षित रखा जा सके। दोनों कंपनियों को अपनी कमियों को दूर करना होगा। जब तक वे इन कमियों को ठीक नहीं कर लेतीं, तब तक उन्हें अपना काम दोबारा शुरू करने की इजाजत नहीं मिलेगी।