FSSAI ने बिस्लेरी के पानी को लेकर दी सफाई, कंपनी के सभी 143 प्लांट चालू
क्या है खबर?
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिस्लेरी के पानी को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। इसके बाद कंपनी ने कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और सभी 143 प्लांट चालू हैं। बिस्लेरी के मुताबिक, यह मामला सितंबर, 2025 में गोवा में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी ने बताया कि इस बैच के अलावा उसके दूसरे उत्पादों को लेकर कोई समस्या सामने नहीं आई है।
रोक
सिर्फ एक पुराने बैच पर लगी थी रोक
बिस्लेरी ने बताया कि FSSAI की कार्रवाई गोवा प्लांट में 27 सितंबर, 2025 को तैयार किए गए बैच GO 270 तक सीमित थी।
कंपनी हर साल 50,000 से ज्यादा बैच तैयार करती है। उसके अनुसार, संबंधित बैच का पानी अब बाजार में उपलब्ध नहीं है।
कंपनी ने यह भी कहा कि FSSAI की ओर से इस बैच के नमूनों की दोबारा जांच की गई थी, जिसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से कम मिली।
जांच
जांच में एक नमूने में मिला था PAH
कंपनी के मुताबिक, जांच के लिए छह नमूने लिए गए थे और शुरुआती जांच में सभी पास हुए थे।
बाद में दोबारा जांच के दौरान GO 270 के एक नमूने में 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर PAH पाया गया। बिस्लेरी ने इस नतीजे पर सवाल उठाते हुए फरवरी 2026 में दोबारा जांच की मांग की थी।
कंपनी का कहना है कि इसके बाद उसके किसी भी प्लांट से लिए गए नमूनों में PAH की समस्या नहीं मिली है।
उत्पादन
सभी 143 प्लांट में उत्पादन जारी
बिस्लेरी ने कहा कि उसके सभी 143 प्लांट काम कर रहे हैं और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन कर रहे हैं।
कंपनी के मुताबिक, गोवा प्लांट को उत्पादन बंद करने का कोई आदेश नहीं मिला था और वहां बाद में तैयार उत्पादों के नमूने तय मानकों पर खरे उतरे।
कंपनी ने FSSAI के स्पष्टीकरण का स्वागत करते हुए लोगों से अपील की है कि वे गलत जानकारी पर ध्यान न दें और केवल सत्यापित खबरों पर भरोसा करें।