
फॉक्सकॉन ने भारत से वापस भेजे कई चीनी कर्मचारी, उत्पादन हो सकता है प्रभावित
क्या है खबर?
ऐपल के लिए आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन ने भारत से कई कर्मचारियों को वापस चीन भेज दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम उस समय उठाया गया जब कंपनी ने भारत में 1.5 अरब डॉलर (लगभग 130 अरब रुपये) का निवेश किया और सरकार ने एक सेमीकंडक्टर फैक्ट्री को मंजूरी दी थी। पिछले 2 महीनों में 300 से ज्यादा चीनी कर्मचारियों को भारत से बुला लिया गया है। अब ज्यादातर बचे हुए कर्मचारी ताइवान से हैं।
वजह
चीन नहीं चाहता कंपनियां और लोग बाहर जाएं
बताया गया है कि चीन के अधिकारी कंपनियों पर देश से बाहर विस्तार करने को लेकर दबाव बना रहे हैं। वे भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में तकनीकी सामान भेजने पर भी मौखिक रूप से रोक लगाने की बात कर रहे हैं। चीन अब कुशल कर्मचारियों के बाहर जाने को भी कठिन बना रहा है। इन फैसलों का असर फॉक्सकॉन जैसी कंपनियों पर पड़ सकता है, जो भारत जैसे देशों में उत्पादन बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही थीं।
आशंका
उत्पादन हो सकता है प्रभावित
रिपोर्टों के अनुसार, फॉक्सकॉन ने भारत में अपनी टीम को प्रशिक्षित करने के लिए कई वर्षों तक चीनी इंजीनियरों की मदद ली थी। अब जब अधिकांश उत्पादन लाइनें स्थापित हो चुकी हैं, तो गुणवत्ता पर असर नहीं होगा, लेकिन काम की गति धीमी हो सकती है। यह बदलाव उस समय हुआ है जब आईफोन 17 का बड़े पैमाने पर निर्माण शुरू होने वाला है। ऐसे में भारत में कंपनी के विस्तार की रफ्तार कम हो सकती है।