भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी, 84,290 करोड़ रुपये का किया निवेश
विदेशी निवेशक एक बार फिर भारतीय शेयर बाजार में बड़ी तेजी से लौटे हैं। पिछले 2 महीनों में भारी बिकवाली के बाद उन्होंने 2 से 13 नवंबर के बीच भारतीय शेयर बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश किया है।
यह वापसी ऐसे समय हुई है, जब वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और कच्चे तेल की कीमतें भी कम हुईं।
इन वजहों से भारतीय बड़ी कंपनियों के शेयर (लार्ज-कैप) निवेशकों को अब और ज्यादा लुभा रहे हैं।
निकासी घटकर 2.1 लाख करोड़ रुपये हुई
इस नए निवेश का बड़ा हिस्सा फाइनेंस, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, फार्मा और ऑटो जैसे सेक्टर्स में जा रहा है। 2026 के लिए कुल विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) निकासी अब कम होकर 2.1 लाख करोड़ रुपये पर आ गई है।
बाजार के जानकारों का मानना है कि यह उछाल भू-राजनीतिक तनाव में कमी और कच्चे तेल के सस्ते होने की वजह से आया है] लेकिन वे यह भी आगाह करते हैं कि बाजार किस दिशा में जाएगा, यह अभी भी अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों और कंपनियों के आने वाले तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगा।