विदेशी निवेशकों ने फरवरी में किया 22,615 करोड़ रुपये का निवेश, 16 महीने में सबसे अधिक
क्या है खबर?
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है और लगातार 3 महीनों की निकासी के बाद फरवरी में शुद्ध खरीदार बन गए हैं। इस महीने का निवेश 22,615 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले 16 महीनों में FPI द्वारा किया गया, अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है। विदेशी निवेशकों ने आखिरी बार इतना निवेश सितंबर, 2024 में किया था, जब उन्होंने भारतीय शेयरों में 57,724 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
निकासी
3 महीने में हुई लगातार निकासी
फरवरी में विदेशी निवेश में हुई यह वृद्धि विदेशी निवेशकों द्वारा हाल ही में की गई भारी निकासी के बाद आई है। जनवरी में विदेशी निवेशकों ने 35,962 करोड़ रुपये निकाले थे। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में 22,611 करोड़ रुपये और नवंबर में 3,765 करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। विदेशी निवेश बढ़ने के बावजूद शेयर बाजार का प्रदर्शन सुस्त रहा और सेंसेक्स में 1 फीसदी से अधिक और निफ्टी में 0.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
उम्मीद
विश्लेषकों को क्या है उम्मीद?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि FPI की बढ़ती रुचि का कारण कंपनियों के मुनाफे में सुधार है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वी.के. विजयकुमार ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के परिणाम कंपनियों के मुनाफे में 14.7 फीसदी की स्पष्ट वृद्धि दर्शाते हैं। उनका मानना है कि यह रुझान वित्त वर्ष 2026 के बाकी समय में भी जारी रहेगा और वित्त वर्ष 2027 के लिए लगभग 15 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है।