भारतीय बाजार से विदेशी निवेशकों ने इस सप्ताह निकाले 7,443 करोड़ रुपये
विदेशी निवेशकों ने सितंबर के पहले सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार से 7,443 करोड़ रुपये निकाल लिए हैं। 2 महीने तक भारी खरीदारी करने के बाद यह एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
इस निकासी के बाद इस साल कुल 2.32 लाख करोड़ रुपये की निकासी हो चुकी है, जो पिछले साल के कुल आंकड़ों को भी पार कर गई है।
महंगे हुए मिड और स्मॉल कैप शेयर
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें निवेशकों को महंगाई और भारत के चालू खाते के संतुलन को लेकर चिंतित कर रही हैं। इसके अलावा, खासकर मिड और स्मॉल कैप कंपनियों के शेयर काफी महंगे लग रहे हैं।
इसलिए कई विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) अपने पैसे निकाल रहे हैं और अपने पोर्टफोलियो में बदलाव कर रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका के आने वाले महंगाई के आंकड़े जैसे कुछ वैश्विक कारण बाजार को कुछ समय तक अनिश्चित बना सकते हैं।