फ्लिपकार्ट की माइक्रो-ड्रामा बाजार में उतरने की तैयारी, कंटेंट-टू-कॉमर्स के कारोबार मिलेगा बढ़ावा
क्या है खबर?
वॉलमार्ट की कंपनी फ्लिपकार्ट भारत के तेजी से बढ़ते माइक्रो-ड्रामा बाजार में कदम रखने जा रही है। इसके तहत वह अपने मुख्य ऐप पर शॉर्ट-फॉर्म स्क्रिप्टेड एंटरटेनमेंट लाएगी, ताकि 'कंटेंट-टू-कॉमर्स' के अपने लक्ष्यों को और आगे बढ़ा सके। ई-कॉमर्स कंपनी ने 'टेरिबली टाइनी टेल्स' (TTT) और 'नेक्सस वेंचर पार्टनर्स' से सपोर्टेड 'प्रतिलिपि' जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है। ये कंपनियां खास तौर पर फ्लिपकार्ट के लिए माइक्रो-ड्रामा बनाएंगी, जो यूजर्स को इसके ऐप पर उपलब्ध होंगे।
नया फॉर्मेट
ऐप पर आएगा नया फॉर्मेट
मनीकंट्रोल के मुताबिक, फ्लिपकार्ट अपने नए माइक्रो-ड्रामा सेक्शन में पिंकविला का कंटेंट भी दिखाएगी। कंपनी ने 2025 में 70-80 करोड़ रुपये में इस एंटरटेनमेंट कंपनी को खरीदा था।
यह जल्द ही अपने मुख्य ऐप पर एक अलग टैब के जरिए यह फॉर्मेट लॉन्च करने वाली है। इस कदम का मकसद प्लेटफॉर्म पर बिताए जाने वाले समय को बढ़ाना और ऐप को ज्यादा आकर्षक बनाना है।
साथ ही ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स के अलावा कमाई का एक और जरिया बनाना है।
प्लेटफॉर्म
माइक्रो-ड्रामा बाजार में उतरे कई प्लेटफॉर्म
फूड डिलीवरी के बाद फ्लिपकार्ट के लिए यह अपने बिजनेस को अलग-अलग क्षेत्रों में फैलाने की दिशा में एक और नया कदम है।
माइक्रो-ड्रामा बाजार में कई खास प्लेटफॉर्म सामने आए हैं, जिनमें आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी कर रही कुकू का कुकू टीवी, एलोएलो का स्टोरी टीवी, डैशवर्स का डैशरील्स, शेयरचैट का क्विक टीवी और जियोहॉटस्टार शामिल हैं।
इस बाजार ने 2025 में 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,850 करोड़ रुपये) का आंकड़ा पार कर लिया है।