IT कंपनियों ने दूसरी तिमाही में करीब 14,000 कर्मचारियों को दी नौकरी
भारत की बड़ी IT कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, HCL टेक, विप्रो और टेक महिंद्रा ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कुल 13,918 नए कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ा है।
यह पिछली तिमाही के मुकाबले काफी बेहतर आंकड़ा है और पिछले साल इसी दौरान हुई नौकरियों में कटौती के ठीक उलट है। इन कंपनियों का मकसद है कि वे नई टेक्नोलॉजी से जुड़ी चुनौतियों के लिए अपनी टीमों को और भी मजबूत बनाएं।
HCL टेक ने की सबसे ज्यादा भर्ती
इस तिमाही में HCL टेक ने सबसे ज्यादा 6,450 कर्मचारियों की भर्ती की, वहीं टेक महिंद्रा ने भी 5,446 लोगों को जोड़ा। इंफोसिस और TCS ने भी हजारों की संख्या में नई भर्तियां की हैं। हालांकि, विप्रो ने इसके विपरीत 6,716 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया।
TCS और HCL टेक ने बताया कि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस टेक्नोलॉजी से जुड़े खास कौशल वाले पदों पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। TCS ने इसी तिमाही में 10,000 फ्रेशर्स को काम पर रखा।