फाइब ने 750 करोड़ रुपये के IPO के लिए SEBI के समक्ष किया आवेदन
फाइब (पहले अर्ली सैलरी) अब शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास इसके लिए जरूरी कागजात जमा कर दिए हैं।
इस योजना के तहत कंपनी 750 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। साथ ही, इसके मौजूदा निवेशक 4 करोड़ शेयर ऑफर फोर सेल (OFS) के जरिए बेचेंगे।
इस IPO का मकसद नए शेयरों से पूंजी जुटाना और कुछ बड़े निवेशक- द राइज फंड-III SF, नॉरवेस्ट कैपिटल, एइट रोड्स वेंचर्स और पिरामल फाइनेंस को अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका देना है।
कंपनी का मुनाफा 126.4 फीसदी बढ़ा
कंपनी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी द राइज फंड-III SF की है, जो 23.26 फीसदी है, वहीं नॉरवेस्ट और एइट रोड्स की हिस्सेदारी करीब 13-13 फीसदी है।
कंपनी के संस्थापक अक्षय महरोत्रा और आशीष गोयल के पास इनसे कम हिस्सेदारी है। कामकाज के मामले में फाइब का प्रदर्शन काफी मजबूत दिख रहा है।
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 8,602.7 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके अलावा, कंपनी का मुनाफा 126.4 फीसदी बढ़कर 257.5 करोड़ रुपये हो गया है।
आंरभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से जुटाए गए पैसों का कुछ हिस्सा वह अपनी सहायक कंपनी ESPL के विस्तार में लगाएगी। बाकी रकम का इस्तेमाल कंपनी के सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
दूसरी तरफ, OFS के तहत, जो पैसा आएगा वह उन निवेशकों के पास जाएगा, जो अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।