अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष आज करेंगे ब्याज दर का ऐलान
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केविन वॉर्श बुधवार (16 सितंबर) को ब्याज दर को लेकर ऐलान करेंगे। इसमें पता चलेगा कि इसमें वृद्धि होगी या नहीं। यह घोषणा भारतीय समयानुसार, रात 11:30 बजे होगी। यह ऐलान ऐसे समय में हो रहा है, जब एक ताजा महंगाई रिपोर्ट ने दिखाया है कि कीमतें फेडरल रिजर्व के अनुमान से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ रही हैं।
इस वजह से पिछले सप्ताह के सारे अनुमान पलट गए हैं और अब अर्थशास्त्री ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं।
4 फीसदी तक पहुंच सकती है ब्याज दर
अगर, दरें बढ़ाई जाती हैं तो प्रमुख ब्याज दर 3.75 से 4 फीसदी तक पहुंच सकती है, लेकिन यह केवल शुरुआत भर हो सकती है क्योंकि KPMG की मुख्य अर्थशास्त्री और प्रबंध निदेशक डियान स्वोंक का मानना है कि इसके बाद और भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कम ब्याज दरों के पक्ष में अपनी बात रख चुके हैं।
आप इसकी लाइव स्ट्रीम अमेरिकी फेडरल रिजर्व की वेबसाइट और फेडरल रिजर्व के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं।