एनवीडिया CEO जेनसेन हुआंग के अफेयर की जांच कर रही FBI, ट्रंप ने दी जानकारी
क्या है खबर?
अमेरिका में एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग से जुड़ा विवाद अब जांच के दायरे में आ गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (9 नवंबर) को कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (FBI) इस मामले की पड़ताल कर रही है। उन्होंने हुआंग का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि CEO को महिला के कथित जासूसी संबंधों की जानकारी नहीं थी। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने खुद हुआंग से बातचीत की है और उन्हें एक सम्मानित कारोबारी मानते हैं।
मामला
सिंगापुर की कारोबारी एलिस हुआंग से जुड़ा है मामला
63 वर्षीय हुआंग पर सिंगापुर की कारोबारी एलिस के साथ कथित प्रेम संबंध होने का मामला सामने आया है।
एलिस सिंगापुर की नियोक्लाउड कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। आरोप है कि उनके चीनी खुफिया एजेंसियों से संबंध हो सकते हैं। शुरुआत में जेनसेन ने इन खबरों को खारिज किया और एलिस के साथ अपने रिश्ते को पेशेवर बताया था।
हालांकि, रविवार को कर्मचारियों को भेजे ईमेल में उन्होंने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की।
मामला
एनवीडिया बोर्ड जांचेगा विदेशी एजेंसी से जुड़ाव का मामला
जेनसेन के ईमेल के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने यह पता लगाने के लिए जांच कराने की बात कही है कि कहीं CEO किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने।
कंपनी ने साफ किया है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे लगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी या एनवीडिया के गोपनीय कारोबारी रहस्यों से समझौता हुआ है।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें जेनसेन की बात पर भरोसा है और वह ठीक रहेंगे।
जांच
मेगास्पीड पर चिप तस्करी के आरोप और पुरानी जांच
मेगास्पीड पर आरोप है कि उसने अमेरिकी प्रतिबंधों से बचकर चीन तक उन्नत सेमीकंडक्टर चिप पहुंचाने की कोशिश की है। अमेरिका इस मामले की जांच कर रहा था।
रिपोर्टों के मुताबिक, 2025 में एनवीडिया के जनरल काउंसल टिम टेटर ने संदिग्ध चिप तस्करी की जांच में हस्तक्षेप किया था। इसके बाद मामला वाणिज्य विभाग से न्याय विभाग को भेजा गया।
हालांकि, द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, न्याय विभाग ने बाद में इस मामले की जांच बंद कर दी।
मुकदमा
एनवीडिया पर मुकदमा
एनवीडिया और हुआंग के खिलाफ अमेरिका की अदालत में सामूहिक मुकदमा दायर किया गया है।
इसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने CEO और एलिस हुआंग के कथित संबंधों तथा उनसे पैदा हुई सुरक्षा चिंताओं की जानकारी निवेशकों से छिपाई। शिकायत में कहा गया है कि इससे कंपनी की छवि और कारोबार को नुकसान पहुंच सकता है।
चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने इन्हें निराधार और बदनाम करने की कोशिश बताया है।