अमेरिका का विमानन नियामक संघीय विमानन प्रशासन (FAA) 16 से 20 नवंबर के बीच भारत की विमानन सुरक्षा का ऑडिट करने वाला है।
इस जांच में विमान संचालन, विमानों की उड़ान योग्यता और कर्मचारियों के लाइसेंस जैसी चीजों का बारीकी से जायजा लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सब कुछ अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
भारत के पास है कैटेगरी 1 सेफ्टी रेटिंग
भारत के पास अभी FAA की कैटेगरी 1 की टॉप सेफ्टी रेटिंग है। इस रेटिंग की वजह से एयर इंडिया अमेरिका के लिए सीधी उड़ानें भर पाती है। यह स्टेटस इन मार्गों को खुला रखने और भारत के तेजी से बढ़ते विमानन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
अगर, पुराने रिकॉर्ड देखें तो 2014 में कुछ निगरानी संबंधी खामियों के चलते भारत की रेटिंग घट गई थी, लेकिन 2015 में सुधार करने के बाद भारत ने फिर से यह टॉप कैटेगरी हासिल कर ली थी।
इस टॉप रेटिंग को बनाए रखने से भारत के हवाई क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय यात्रा का संचालन सुचारू रूप से चलता रहता है।