बोइंग को 737 विमानों का उत्पादन बढ़ाने की मिली मंजूरी
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने बोइंग को हर महीने 737 मैक्स जेट विमानों का उत्पादन 42 से बढ़ाकर 47 करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला कई सख्त सुरक्षा जांचों के बाद आया है।
विमान निर्माता के लिए यह एक बड़ा कदम है, क्योंकि कंपनी न केवल मुनाफा कमाना चाहती है, बल्कि सिंगल-आइजल विमानों के बाजार में अपने प्रतिद्वंद्वियों से भी आगे रहना चाहती है।
चीन के साथ किया 200 विमानों का सौदा
बोइंग नए मॉडल जैसे- 737 मैक्स 7, मैक्स 10 और विशाल 777X के उड़ान परीक्षण पूरे कर रहा है। एक तरफ जहां इंजन की आपूर्ति संबंधी दिक्कतों के कारण कुछ ड्रीमनलाइनर विमानों की डिलीवरी में देरी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) केली ओर्टबर्ग ने चीन से 200 जेट विमानों की एक बड़ी खरीद की घोषणा की है।
2017 के बाद यह चीन के साथ बोइंग का पहला बड़ा समझौता है। इतना ही नहीं कंपनी के रक्षा विभाग को लेकर बढ़ती उम्मीदों और अमेरिकी रक्षा खर्च में बढ़ोतरी के चलते कंपनी के शेयर करीब 4 फीसदी तक उछल गए हैं।