सबवे के रेस्तरां चलाने वाली एवरब्रांड्स ला रही 600 करोड़ रुपये का IPO
भारत में वैश्विक फास्ट-फूड रेस्तरां श्रृंखला सबवे के आउटलेट्स चलाने वाली कंपनी एवरब्रांड्स इंडिया ने हाल ही में 600 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के लिए दस्तावेज जमा किए हैं।
यह कंपनी प्री-IPO प्लेसमेंट के जरिए भी 120 करोड़ रुपये तक जुटा सकती है। अगर, ऐसा हुआ तो इसका मुख्य ऑफर थोड़ा छोटा हो सकता है।
सब कुछ योजना के मुताबिक चला तो एवरब्रांड्स के इक्विटी शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
राजस्व करीब 35 फीसदी बढ़ा
इस IPO से मिलने वाले ज्यादातर पैसे का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने और पूरे भारत में सबवे के और अधिक स्टोर खोलने के लिए करेगी।
वित्त वर्ष 2026 में एवरब्रांड्स का राजस्व करीब 35 फीसदी बढ़कर 966.17 करोड़ रुपये हो गया। इसमें से ज्यादातर कमाई सबवे के जरिए हुई है।
हालांकि, इस दौरान कंपनी का घाटा भी बढ़कर 58.19 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की सबसे बड़ी निवेशक एवरब्रांड्स वेंचर्स PTE लिमिटेड है, जिसके पास 57.78 फीसदी हिस्सेदारी है।
इस साल की शुरुआत में प्लेबुक पार्टनर्स ने कंपनी का मूल्यांकन लगभग 2,600 करोड़ से 2,800 करोड़ रुपये के बीच किया था। IPO की अंतिम कीमत तय होना अभी बाकी है।