EPFO की 1 जुलाई तक बंद रहेंगी सेवाएं, जानिए क्या बदलेगा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपना एक नया सेंट्रलाइज्ड IT इनेबल्ड सिस्टम (CITES) शुरू कर रहा है। इसका मकसद आपकी भविष्य निधि सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाना है।
इसी वजह से 26 जून से 1 जुलाई तक क्लेम जमा करने और पासबुक डाउनलोड करने जैसी कुछ सेवाएं बंद रहेंगी। दरअसल, इस दौरान EPFO अपने सिस्टम को अपग्रेड करेगा।
अपडेट से मिलेंगी ये सुविधाएं
CITES सभी EPFO डाटा को एक राष्ट्रीय डाटाबेस में इकट्ठा करता है। इससे अब आप देश के किसी भी हिस्से में, किसी भी कार्यालय से अपना भविष्य निधि (PF) खाता देख पाएंगे।
क्षेत्रीय स्तर पर होने वाली दिक्कतें अब खत्म हो जाएंगी। इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से आप अपने UAN का इस्तेमाल करके बैलेंस चेक कर सकते हैं, क्लेम की स्थिति देख सकते हैं, KYC डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर भी कर सकते हैं।
संगठन का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है। उनकी योजना है कि जल्द ही इसमें UPI इंटीग्रेशन जैसी और भी सुविधाएं जोड़ी जाएं, जिससे खाता मैनेज करना और भी आसान हो जाए।