अब बिना कारण निकाल सकेंगे पूरा PF, EPFO ने नियमों में किया बदलाव
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक अहम फैसला लिया है। अब ऐसे खास हालात में आप अपनी पूरी भविष्य निधि (PF) की रकम निकाल सकते हैं।
इसकी इजाजत तब मिलेगी, जब आपकी कंपनी लंबे समय से बंद पड़ी हो, नौकरी से निकालने को लेकर कोई कानूनी विवाद चल रहा हो, या फिर किसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आपको पैसों की सख्त जरूरत हो।
इन परिस्थितियों में आपको कोई भी कारण बताने की जरूरत नहीं होगी। इस कदम का मकसद प्रक्रिया को आसान बनाना है और इससे उन दावों के खारिज होने का डर भी खत्म हो जाएगा, जो पहले किसी न किसी वजह से अटक जाते थे।
बिना दस्तावेजों के मिलेगी 75 फीसदी राशि निकालने की मंजूरी
EPFO ने पैसा निकालने के और नियमों में कुछ ढील दी है। अब आप अपने PF खाते से बिना कोई कागजात जमा किए 75 फीसदी तक पैसा निकाल सकते हैं।
यह सब इसलिए किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर आपको अपनी जमा पूंजी तक जल्द और आसानी से पहुंच मिल सके और आपातकाल में तनाव कम हो।