ये छोटी-छोटी गलतियां PF निकासी में बन सकती हैं रोड़ा
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) अकाउंट में नाम में गड़बड़ी या नौकरी से जुड़ी गलत जानकारी जैसी छोटी-सी गलतियां भविष्य निधि (PF) निकासी में रोड़ा बन सकती है। अगर, आपने कई बार नौकरी बदली है या आपके रिकॉर्ड्स में कोई मेल नहीं है तो आपको ज्यादा कागजी कार्रवाई और लंबे इंतजार के लिए तैयार रहना चाहिए, जब तक कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) इन चीजों को ठीक नहीं कर देता।
पूरी निकासी के लिए करना होगा 12 महीने का इंतजार
अब EPFO ने नियम बनाया है कि नौकरी छोड़ने के बाद पूरी निकासी के लिए आपको 12 महीने और पेंशन फंड के लिए 36 महीने का इंतजार करना पड़ेगा।
हालांकि, आप अपनी कुल जमा राशि का 75 फीसदी तक जरूरी खर्चों, घर या किसी आपात स्थिति के लिए निकाल सकते हैं। उमंग ऐप और आधार-लिंक्ड फेस ऑथेंटिकेशन जैसे डिजिटल माध्यम काम को जल्दी निपटाने में मदद करते हैं, लेकिन फिर भी अपने रिकॉर्ड्स को सही रखना सबसे जरूरी है, वरना ये तकनीकी सुधार भी आपको देरी से बचा नहीं पाएंगे।